बुधवार, 25 मई 2011

कामरेड चन्द्रबली सिंह को जन संस्कृति मंच की श्रद्धांजलि

२५ मई, दिल्ली.
हिन्दी के सुप्रसिद्ध मार्क्सवादी आलोचक , संगठनकर्ता और विश्व कविता के श्रेष्टतम अनुवादकों में शुमार कामरेड चन्द्रबली सिंह का विगत २३ मई को ८७ वर्ष की आयु में बनारस में निधन हो गया. चन्द्रबली जी का जाना एक ऐसे कर्मठ वाम बुद्धिजीवी का जाना है जो मार्क्सवादी सांस्कृतिक आन्दोलन के हर हिस्से में बराबर समादृत और प्रेरणा का स्रोत रहा.
चन्द्रबली जी रामविलास शर्मा , त्रिलोचन शास्त्री की पीढी से लेकर प्रगतिशील संस्कृतिकर्मियों की युवतम पीढी के साथ चलने की कुव्वत रखते थे. वे जनवादी लेखक संघ के संस्थापक महासचिव और बाद में अध्यक्ष रहे. उससे पहले तक वे प्रगतिशील लेखक संघ के महत्वपुर्ण स्तम्भ थे. जन संस्कृति मंच के साथ उनके आत्मीय सम्बन्ध ताजिन्दगी रहे. बाबरी मस्जिद ढहाए जाने के बाद राष्ट्रीय एकता अभियान के तहत सांस्कृतिक संगठनों के साझा अभियान की कमान बनारस में उन्ही के हाथ थी और इस दौर में उनके और हमारे संगठन के बीच जो आत्मीय रिश्ता कायम हुआ , वह सदैव ही चलता रहा. उनके साक्षात्कार भी समकालीन जनमत में प्रकाशित हुए. चन्द्रबली जी वाम सांस्कृतिक आन्दोलन के समन्वय के प्रखर समर्थक रहे.
चन्द्रबली जी ने मार्क्सवादी सांस्कृतिक आन्दोलन के भीतर की बहसों के उन्नत रूप और स्तर के लिए हरदम ही संघर्ष किया. 'नयी चेतना' १९५१ में उनका लेखा छपा था, 'साहित्य में संयुक्त मोर्चा'. ( बाद में वह 'आलोचना का जनपक्ष' पुस्तक में संकलित भी हुआ). चन्द्रबली जी ने इस लेख में लिखा, "सबसे अधिक निर्लिप्त और उद्देश्यपूर्ण आलोचना- आत्मालोचना कम्यूनिस्ट लेखकों और आलोचकों की और से आनी चाहिए. उन्हें अपने भटकावों को स्वीकार करने में किसी प्रकार की झेंप या भीरुता नहीं दिखलानी चाहिए, क्योंकि जागरूक क्रांतिकारी की यह सबसे बड़ी पहचान है कि वह आम जनता को अपने साथ लेकर चलता है और वह यह जानता है कि दूसरों की आलोचना के साथ साथ जबतक वह अपनी भी आलोचना नहीं करता तब तक वह न सिर्फ जनता को ही साथ न ले सकेगा, वरन स्वयं भी वह अपने लिए सही मार्ग का निर्धारण नहीं करा पाएगा दूसरों की आलोचना में भी चापलूसी करने की आवश्यकता नहीं , क्योंकि चापलूसी उन्हें कुछ समय तक धोखा दे सकती है, किन्तु उन्हें सुधार नहीं सकती. मैत्रीपूर्ण आलोचना का यह अर्थ नहीं कि हम दूसरों की गलतियों को जानते हुए भी छिपा करा रखें. मार्क्सवादी आलोचना-आत्मालोचना के स्तर और रूप की यही विशेषता होनी चाहिए कि हम उसके सहारे आगे बढ़ सकें. " आज से ६० साल पहले लिखे गए इस लेख में आपस में और मित्रों के साथ पालेमिक्स के रूप, स्तर और उद्देश्य की जो प्रस्तावना है वह आज और भी ज़्यादा प्रासंगिक है. उन्होंने अपने परम मित्र और साथी रामविलास शर्मा के साथ अपने लेखों में जो बहसें की हैं वे स्वयं उनके बनाए निकष का प्रमाण हैं.
उनकी आलोचना की दोनों ही पुस्तकें 'आलोचना का जनपक्ष' तथा 'लोकदृष्टि और हिंदी साहित्य' दस्तावेजी महत्त्व की हैं. इनमें हिंदी साहित्य और संस्कृति के प्रगतिशील अध्याय के तमाम उतार- चढ़ाव, बहसों और उपलब्धियों की झांकी ही नहीं मिलती , बल्कि आज के संस्कृतिकर्मी और अध्येता के लिए इनमें तमाम अंतर्दृष्टिपूर्ण सूत्र बिखरे पड़े हैं.
पाब्लो नेरूदा ,नाजिम हिकमत,वाल्ट व्हिटमैन और एमिली डिकिन्सन की कविताओं के उनके अनुवाद उच्च कोटि की काव्यात्मक संवेदना, चयन दृष्टि और सांस्कृतिक अनुवाद के प्रमाण हैं. उम्मीद की जानी चाहिए कि ब्रेख्त, मायकोवस्की और तमाम अन्य कवियों के उनके अप्रकाशित अनुवाद और दूसरी सामग्रियां जल्द ही प्रकाशित होंगी.
जन संस्कृति मंच वाम सांस्कृतिक आन्दोलन की अनूठी शख्सियत साथी चन्द्रबली सिंह को लाल सलाम पेश करता है और शोकसंतप्त परिजन, मित्रों, साथियों के प्रति हार्दिक संवेदना प्रकट करता है.
प्रणय कृष्ण , महासचिव, जन संस्कृति मंच द्वारा जारी .

चन्द्रबली सिंह सच्चे कम्युनिस्ट आदर्शों
और सिद्धान्तों पर चलने वाले लेखक व आलोचक थे।

लखनऊ, 23 मई। हिन्दी के प्रसिद्ध समालोचक चन्द्रबली सिंह नहीं रहे। आज सुबह साढ़े आठ बजे बनारस में उनका निधन हो गया। वे करीब 86 साल के थे। यह हमारे लिए अत्यन्त दुखद है। जन संस्कृति मंच उनके निधन पर अपना गहरा शोक प्रकट करता है। अपनी शोक संवेदना प्रकट करते हुए जसम लखनऊ के संयोजक कौशल किशोर ने कहा कि चन्द्रबली सिंह सच्चे कम्युनिस्ट आदर्शों और सिद्धान्तों पर चलने वाले लेखक व आलोचक थे। विचारधारा और सिद्धान्त से इतर उनके अन्दर कोई महत्वाकांक्षा नहीं थी, सारी जिन्दगी उन्होंने इसी पर अमल किया और कम्युनिस्ट कार्यकर्ता का जीवन जिया। उनकी मशहूर आलोचनात्मक कृति ‘आलोचना का जनपक्ष’ उनकी वैचारिक प्रखरता का उदाहरण है। उन्होंने नाजिम हिकमत, पाब्लो नेरुदा आदि की रचनाओं का अनुवाद भी किया।

आज चन्द्रबली सिंह के निधन पर चन्द्रेश्वर, राजेश कुमार, सुभाष चन्द्र कुशवाहा, भगवान स्वरूप कटियार, शोभा सिंह, रवीन्द्र कुमार सिन्हा, बी एन गौड़, श्याम अंकुरम आदि रचनाकारों ने भी शोक प्रकट किया। इनका कहना था कि पार्टी और विचार के प्रति कट्टरता के स्तर की दृढ़ता के बावजूद चन्द्रबली जी के व्यवहार में कोई संकीर्णता नहीं थी और हमेशा साझे सांस्कृतिक आंदोलन पर जोर दिया तथा बनारस में तो उन्होंने जलेस, प्रलेस और जसम के संयुक्त सांस्कृतिक आंदोलन का नेतृत्व किया। चन्द्रबली जी हमारे मूल्यवान साथी थे और आज ऐसे साथी दुर्लभ होते जा रहे हैं और ऐसे दौर में जब प्रतिक्रियावादी ताकतें वामपंथी आंदोलन पर हमलावर बनी है, चन्द्रबली जी हमारे लिए प्रेरक रहे। उनका जाना वामपंथी सांस्कृतिक आंदोलन के लिए बड़ी क्षति है।

कौशल किशोर
संयोजक
जन संस्कृति मंच, लखनऊ
एफ-3144, राजाजीपुरम, लखनऊ - 226017
मो - 08400208031, 09807519227

शनिवार, 14 मई 2011

जन चेतना का चितेरा : अशोक भौमिक

जनवादी चित्रकार देवब्रत मुखोपाध्याय का बनाया हुआ चित्तप्रसाद का पोर्ट्रेट

जनवादी चित्रकार चित्तप्रसाद के जन्‍मदिवस पर उनकी कला की विशेषताओं को रेखांकित करता वरिष्‍ठ चित्रकार अशोक भौमिक का आलेख-

चित्तप्रसाद एक प्रगतिशील चित्रकार ही नहीं थे, वह सक्रिय राजनीतिक कर्मियों की पहली कतार पर तैनात एक सजग सिपाही भी थे। भारतीय चित्रकला के इतिहास में उनके जैसा दूसरा उदाहरण नहीं है। 15 मई, 1917 में बंगाल के दक्षिण 24 परगना के नैहाटी शहर में उनका जन्‍म हुआ। उनका परिवार अत्‍यंत शिक्षित परिवार था। उनकी मां ने आजादी की लड़ाई में क्रांतिकारियों की कई तरह से मदद की थी। बीए की परीक्षा पास करने के बाद चित्तप्रसाद सक्रिय रूप से चित्रकला, संगीत, नाटक आदि कलाओं की ओर झुके। यहां उल्‍लेखनीय यह है कि उन्‍होंने चित्रकला में कोई शिक्षा नहीं ली। वह 1942 में भारतीय कम्‍युनिस्ट पार्टी के सदस्य बने थे।

वर्ष 1942-43 में बंगाल के मिदनापुर और चिटगांव इलाके में उन्होंने महाअकाल के विकराल रूप को बेहद करीब से देखा और इस इलाके में घूम-घूम कर स्केचेस बनायें और रिपोर्ताज लिखे जो ‘पीपुल्स वार’ में नियमित प्रकाशित होते रहे। इन प्रकाशनों के जरिये चित्तप्रसाद ने पत्रकारिता के एक सर्वथा नये आयाम से पाठकों को परिचित कराया।

1944 (20-27 दिसंबर) में पार्टी द्वारा मुंबई के खेवाड़ी स्थित ‘रेड फ्लैग हॉल’ में आयोजित ‘ भूखा बंगाल’ चित्र प्रदर्शनी में चित्तप्रसाद के चित्र दिखे, साथ ही पी.पी.एच. ने चित्तप्रसाद द्वारा लिखी पुस्‍तक ‘हंगरी बंगाल’ प्रकाशित की। इसके प्रकाशन के तुरंत बाद सरकार ने इसे प्रतिबंधित घोषित कर इसकी सारी प्रतियाँ जला दीं।

मुंबई प्रवास के दौरान वह फिल्‍म से जुडे़ लोगों, कवियों, चित्रकारों, गायकों के बहुत चेहते थे। नेमीचंद जैन, रेखा जैन, शमशेर बहादुर सिंह आदि रचनाकारों के साथ-साथ बलराज साहनी, सलील चौधरी जैसे लोगों और पंजाबी के प्रसिद्ध लेखक सुखबीर जी से भी इनका अच्‍छा परिचय था। हिन्‍दी फिल्‍म के इतिहास में विमल राय की महत्‍वपूर्ण फिल्‍म ‘दो बीघा जमीन’ का वुडकट के माध्‍यम से बनाया गया पोस्‍टर निश्चित रूप से ऐतिहासिक महत्‍व रखता है।

1946 के नौसेना विद्रोह में हम चित्तप्रसाद को नौसैनिकों के साथ कंधे से कंधा मिलाये न केवल सड़कों पर देख पाते हैं, साथ ही इस विद्रोह के समर्थन में उनके द्वारा बने गये यादगार चित्रों और पोस्टरों में हम चित्रकला के एक ऐसे जुझारू स्वरूप को देख पाते हैं जिसे केवल जन आंदोलन को देख कर नहीं, बल्कि उसमे सशरीर शरीक होकर ही रचा जा सकता है। इसी चित्रकार को हम एक ओर जहाँ बंगाल के तेभागा किसान आन्दोलन के करीब जाकर चित्र रचते पाते हैं , वहीँ 1946 के जून महीने में आंध्र प्रदेश के तेलंगाना सशस्त्र किसान आन्दोलन के केंद्र तक पहुँच कर एक अभूतपूर्व चित्र श्रृंखला बनाते पाते हैं। इस चित्रकार को हम महाराष्ट्र के कोल्हापुर में आये सूखे के दौरान किसानों के करीब पाते हैं, विजयवाडा़ अखिल भारतीय किसान सम्मलेन (1944) में श्रोताओं के बीच बैठ कर चित्र बनाते पाते हैं, मुंबई की बस्तियों में रह रहे गरीब बाल श्रमिकों की व्यथा कथा को कैनवास पर उतारते पाते हैं।

इसके साथ ही उन्होंने जन आंदोलनों के एक सजग इतिहासकार के रूप में अपने चित्रों में कश्मीर-आन्दोलन, भगत सिंह की शहादत, डाक कर्मचारियों और रेल कर्मचारियों के आंदोलनों को अमर भी किया है।

हमारे देश में सभी चित्रकारों के साथ कोई-न-कोई प्रान्त जुड़ा हुआ है। राजा रवि वर्मा, यामिनी राय, नन्दलाल बोस से लेकर प्रायः सभी समकालीन चित्रकारों पर इस पहचान को सहज ही देखा जा सकता है, पर एक आधुनिक चित्रकार अपने राजनीतिक-सामजिक सरोकारों के चलते प्रान्तों और प्रदेशों की सीमा के पार जाकर एक जनपक्षधर चित्रकार बन सकता है, इसकी मिसाल हम केवल चित्तप्रसाद में ही पाते हैं। सही मायने में भारतीय चित्रकार कहलाने के हकदार शायद चित्तप्रसाद ही हैं।

देश के विभिन्न जन आंदोलनों पर बनाये गये चित्तप्रसाद के कुछ यादगार चित्रों से मौजूदा बाजारवाद की गिरफ्त में कैद जनता से पूरी तरह से कट कर अराजक पूंजी के सहारे पनपती समकालीन कला को बेहतर पहचानने मे मदद मिेलती है।

चित्तप्रसाद ने जन आंदोलनों के साथ रह कर असंख्य चित्र बनाये थे, यह हम सब जानते हैं, पर गरीब बच्‍चों पर, खासकर उनकी जिन्‍दगी की बदहाली पर उनके चित्र बेहद महत्वपूर्ण हैं। विश्‍व कला के इतिहास में बच्‍चों के चित्र बहुत कम हैं। भारतीय कला में देवताओं के बाल रूप और शिशु राजकुमारों के चित्रण के अलावा बच्चों को हम बहुत ही हम उपस्थित पाते हैं। पाश्‍चात्‍य कला में भी फरिश्‍ते के रूप में डैनों वाले नंगे बच्‍चे दिख जाते हैं, पर वे चित्रों के मूल विषय नहीं बनते हैं। चित्तप्रसाद ने अपनी चित्र श्रृंखला ‘Angels without Fairytales ‘ के केंद्र में बच्चों को रखकर उन्हें नायक का अपूर्व दर्ज़ा दिया है। अनाथ बच्चों के एकाकीपन के लिये जहाँ चित्तप्रसाद एक दीया और एक खेले जाने के लिये इंतज़ार करती गुड़िया को कमरे में संयोजित कर चित्र को इतना मार्मिक बनाते हैं, वहीं होटलवाला बच्चा देर रात होटल के बंद हो जाने के बाद अकेला बर्तनों के ढेर से जूझ रहा है। साथ में एक रतजगा कुत्ता है, एक तिरछी लौ वाली ढिबरी है और फर्श पर रेंगते बहुत सारे तिलचट्टे हैं, पर इन सब के बावजूद कितना अकेलापन है यहाँ !
गहरी रात को फुटपाथ पर कथरी ओढ़े बच्चों के बीच गुजरता कुत्ता क्या इन बच्चों के मुकाबले अपनी जिन्दगी के बेहतर होने का ऐलान नहीं कर रहा है ? इन यादगार चित्रों में बच्चों के प्रति चित्तप्रसाद का गहरा प्रेम तो दिखता ही है, साथ ही ये भी साफ़ नज़र आता है कि इन चित्रों को चित्तप्रसाद ने बच्चों के लिये नहीं बनाया, बल्कि इन बच्चों के ऐसे हालात के लिये जिम्मेदार समाज को धिक्कारा है।

चित्तप्रसाद के चित्रों में महिलाओं का एक बेहद महत्वपूर्ण स्थान है। इन चित्रों में वे मेहनतकश पुरुषों के कंधे से कंधा मिला कर जीवन संघर्ष के समान हिस्सेदार के रूप में दिखती है। कोल्‍हापुर के सूखे में भी वे पुरुषों के पास हैं तो गारो पहाड़ में जंगली सूअर का शिकार करते हुए भी पुरुषों के साथ है। बांध बनाते हुए वे समान रूप से मेहनत करती है तो बाढ़ जैसी विपदा में समान रूप से पीडि़त है।

इप्टा के गठन के बाद एक नाट्य प्रस्तुति के ठीक पहले कामरेड शांति बर्धन नगारा बजा कर नाट्य प्रस्तुति का एलान कर रहे थे। चित्तप्रसाद ने उस मुहूर्त को अपने स्केच बुक मे कैद किया। बाद मे इसको आधार बना कर चित्तप्रसाद ने इप्टा का लोगो बनाया। भारत मे प्रगतिशील सांस्कृतिक कर्मियों के सपनों का प्रतीक यह चिन्ह हम सबको चित्तप्रसाद की याद भी दिलाता है।

चित्तप्रसाद के चित्रों को देखते हुए हम जनोन्मुख और अजिट-प्राप (agit-prop) कला के एक ऐसे रूप से परिचित होते है, जो चित्र होकर भी महज नारा या पोस्टर नहीं हैं। यहाँ शोषित-पीड़ितों के पास जाने का साहस है जो दरअसल कला के सामंती मानकों को चुनौती देने का साहस भी है। युगों से शास्त्रीय कला सामंतों और धनी कला व्यापारियों के बनाये हुए मानदंडों पर पनपती रही है, पर इसके समानांतर लोक कला अपने सहज सरल स्वरूप- गरीब किसान के आंगन में रंगोली-अल्पना बन या किसी लोक उत्सव के प्रांगण सज्जा के रूप तक ही सीमित रही। यह कला उत्सवधर्मी होकर भी जीवन से कटी हुई नहीं थी (इसका सबसे अच्छा उदाहरण वारली की लोक कला है )। इस कला मे मेहनत करते, शोषित होते लोगों का जिक्र तो है, पर राजनीतिक विचारों के अभाव के कारण इसमें प्रतिरोध का आह्वान नहीं है। चित्तप्रसाद इन दोनों कलाओं की गहरी जाँच-पड़ताल के बाद इनके विकल्प के रूप में एक तीसरी कला का अनुसरण करते हैं (इस सन्दर्भ में आधुनिक कला पर सामंती प्रभाव और गुफा चित्रों पर चित्तप्रसाद के दो महत्वपूर्ण लेखों को हम देख सकते हैं ) । चित्तप्रसाद की कला में मेहनतकश वर्ग का जहाँ शोषण का चित्रण है, वहीँ उनके प्रतिरोध की गाथा भी मौजूद है। वह वास्तव में संघर्षशील आम जनता के इतिहासकार होने के साथ-साथ संघर्ष की कथाओं के हरकारा भी हैं, जो बंगाल की कथा को महाराष्ट्र तक पहुचते हैं तो तेलंगाना जाकर भगत सिंह की चर्चा करते हैं।

उनके अनेक चित्रों में बार-बार मजदूर-किसान वर्ग के लिये एक विशिष्ट राजनीतिक एकता की पुकार दिखती है। जन आंदोलनों में वह कांग्रेस, कम्‍युनिस्ट पार्टी और मुस्लिम लीग के झंडे एकसाथ फहराते हैं, वहीं विभिन्न मोर्चों पर संघर्ष करते लोगों के बीच संकीर्ण साम्प्रदायिकता को गैर हाजिर पाते हैं और हर चित्र में स्त्री-पुरुष को हर संघर्ष में समान साझेदार बनाते हैं। मेहनतकशों की एकता हर स्तर पर हर कीमत पर चित्तप्रसाद के लिये सबसे जरूरी था जिसे उन्होंने अपने चित्रों में बार-बार रेखंकित किया।

उनके रंगीन चित्रों में कई पाश्‍चात्‍य चित्रकारों का प्रभाव देखा जा सकता है। इनमें मातिस और ब्रॉक प्रमुख हैं। यहां गौरतलब यह भी है कि रंगीन चित्रों में चित्तप्रसाद ने आनंद और सुख का उत्‍सव दिखाया है, वहीं उनके काले-सफेद चित्रों (या प्रिंट) में हमारे जीवन के कठोर यथार्थ को व्‍यक्‍त किया है।